PhD प्रवेश में अब UGC-NET स्कोर अनिवार्य

राज्य के सभी विश्वविद्यालयों को उच्च शिक्षा विभाग का निर्देश
File Photo
File Photo
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के उच्च शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी तथा सरकारी सहायता प्राप्त विश्वविद्यालयों, निजी विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त उच्च शिक्षण संस्थानों में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर नई व्यवस्था लागू करने का निर्देश जारी किया है। सूत्रों के अनुसार विभाग ने कहा है कि आगामी शैक्षणिक सत्र से पीएचडी में प्रवेश के लिए अलग-अलग विश्वविद्यालय स्तर की प्रवेश परीक्षाएं आयोजित नहीं की जाएंगी।

सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार पीएचडी में प्रवेश के लिए अब यूजीसी-नेट, यूजीसी-सीएसआईआर नेट, गेट, आईसीएआर, आईसीएमआर, डीआरडीओ, सीईईडी तथा अन्य मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के अंकों को आधार बनाया जाएगा। अंतिम चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने कहा कि यह निर्णय यूजीसी (पीएचडी डिग्री प्रदान करने के न्यूनतम मानक एवं प्रक्रिया) विनियम, 2016 तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के अनुरूप लिया गया है। विभाग का उद्देश्य राज्यभर में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में एकरूपता, पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

सभी विश्वविद्यालयों और संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे आगामी सत्र के लिए पीएचडी एडमिशन टेस्ट (PAT), रिसर्च एंट्रेंस टेस्ट (RET) अथवा अन्य विश्वविद्यालय स्तरीय प्रवेश परीक्षाओं की अधिसूचना जारी न करें और नए दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in