

गंगटोक : पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग जिले में शुक्रवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर तीस्ता नदी में एक कार गिर गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोंनो लोग सिक्किम के निवासी थे। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सुबह चार बजे से पांच बजे के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर बंगाल की ओर स्थित 29वें मील पर हुई। यहां चालक कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन नदी में गिर गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अनिकेत प्रसाद (25) और अमन गुप्ता (23) के रूप में हुई है, दोनों गंगटोक के निवासी थे।दुर्घटना में कुणाल गुप्ता और पवन कुमार प्रसाद घायल हो गए और उन्हें सिलीगुड़ी के एक अस्पताल में ले जाया गया है, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि निजी वाहन सिक्किम में पंजीकृत था। वाहन में सवार चारों लोग एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के बाद गंगटोक लौट रहे थे।