

कोलकाता : शहर में अंतिम मील कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए परिवहन विभाग ने दो नए ऑटो रूट को मंजूरी दी है। ये रूट मुख्य सड़कों से हटकर आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से शुरू किए जा रहे हैं।
परिवहन विभाग के सचिव सौमित्र मोहन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 75 ऑटो को इन दोनों मार्गों पर चलने की अनुमति दी गई है। पहला रूट बाबूबाजार ट्राम डिपो से मोमिनपुर स्टैंड तक होगा, जिस पर अधिकतम 25 परमिट दिए जाएंगे। इस मार्ग पर ऑटो भुकैलाश रोड, एकबालपुर रोड, इब्राहिम रोड और ब्राउन फील्ड रोड से होकर गुजरेंगे। इस रूट पर डायमंड हार्बर रोड (डीएच रोड) के उपयोग की अनुमति नहीं होगी।
दूसरा रूट राजाबाजार ट्राम डिपो से टॉपसिया तक स्वीकृत किया गया है, जिस पर 50 ऑटो चल सकेंगे। यह मार्ग कैनाल वेस्ट रोड, बेलियाघाटा मेन रोड, पॉटरी रोड, गोबरा रोड और लाल बाबा मजार होते हुए 24 नंबर बस स्टैंड तक जाएगा। सूत्रों के अनुसार, दोनों रूट के लिए ट्रैफिक पुलिस ने आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिया है।
राजाबाजार क्रॉसिंग के पास जाम की स्थिति से बचने के लिए परिवहन विभाग ने ऑटो स्टैंड को क्रॉसिंग के दक्षिणी हिस्से में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि इन नए रूट से स्थानीय यात्रियों को राहत मिलेगी और उन इलाकों में सार्वजनिक परिवहन की पहुंच बेहतर होगी, जहां अब तक सीधी कनेक्टिविटी की कमी थी।