बारासात में दो अलग-अलग घटनाओं में हमले के आरोप

Two Attacks Reported in Barasat Over Protesting Illegal Drugs
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : उत्तर 24 परगना के बारासात सब-डिविजन में नशीले पदार्थों के कारोबार और नशे का विरोध करने पर दो अलग-अलग स्थानों पर हिंसक हमलों के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पहली घटना देगंगा इलाके की है, जहां धारदार हथियार से हमला किया गया, वहीं दूसरी घटना बारासात शहर में घटी, जहां एक युवक की पिटाई की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में लिखित शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार देगंगा के सिराजपुर में चाकला पंचायत के 238 नंबर बूथ के भाजपा अध्यक्ष शुभजीत मल्लिक पर जानलेवा हमला हुआ।

इलाके में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री का था विरोध

शुभजीत का आरोप है कि इलाके में गांजा और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री का विरोध करने पर आलमीन मंडल नामक व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पीड़ित के गले, गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद से आरोपी आलमीन फरार है, जिसकी तलाश में देगंगा थाना पुलिस जुटी हुई है। जिला भाजपा नेतृत्व ने इस घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है। दूसरी घटना बारासात के 14 नंबर वार्ड स्थित काछारी माठ इलाके की है। यहां सम्राट सिंह नाम के युवक पर नशेड़ियों के एक समूह ने हमला कर दिया। सम्राट का कहना है कि इलाके में कुछ युवक लंबे समय से नशा करते थे, जिससे तनाव का माहौल रहता था। विश्वकर्मा पूजा की रात सम्राट ने इसका विरोध किया था। इस कारण ही अभियुक्तों ने उस पर हमला किया। सम्राट ने बारासात थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in