ट्रंप ने फिर किया भारत-पाक के बीच युद्ध रुकवाने का दावा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ‘नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट’ में कहा, ‘‘मैंने एक साल में आठ भयंकर युद्धों को समाप्त कराया।
ट्रंप ने फिर किया भारत-पाक के बीच युद्ध रुकवाने का दावा
Matt Rourke
Published on: 

न्यूयॉर्क/वॉशिंगटनः अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक ही दिन में दो बार अपना यह दावा दोहराया कि उन्होंने पिछले साल भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाया था। ट्रंप ने बृहस्पतिवार को ‘नेशनल प्रेयर ब्रेकफास्ट’ में कहा, ‘‘मैंने एक साल में आठ भयंकर युद्धों को समाप्त कराया जैसे कि कंबोडिया और थाईलैंड के बीच युद्ध, कोसोवो और सर्बिया के बीच युद्ध, पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध, इजराइल और ईरान के बीच युद्ध, आर्मेनिया और अजरबैजान के बीच युद्ध।’’

बाद में ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर भी एक पोस्ट में इस दावे को फिर दोहराया कि उन्होंने ‘‘भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध’’ होने से रुकवाया। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘अमेरिका विश्व का सबसे शक्तिशाली देश है। मैंने अपने पहले कार्यकाल में इसकी सेना को नए सिरे से पूरी तरह मजबूत किया था...।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने दुनिया भर के कई देशों- पाकिस्तान और भारत, ईरान और इजराइल तथा रूस और यूक्रेन के बीच परमाणु युद्धों को रोका है।’’ अमेरिका के राष्ट्रपति ने 90 से अधिक बार दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य टकराव को समाप्त कराया। ट्रंप ने पहली बार पिछले साल 10 मई को सोशल मीडिया पर घोषणा की थी कि अमेरिका की मध्यस्थता में हुई बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान सैन्य टकराव को ‘‘पूर्ण रूप से और तत्काल’’ रोकने पर सहमत हुए। भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप से लगातार इनकार किया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News