तृणमूल के चुनाव चिह्न पर आज फिर सुनवाई
आयोग ने दोनों गुटों को दस्तावेजों के साथ किया तलब
नंदीग्राम-रेजीनगर उपचुनाव से पहले फैसले पर नजर
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न पर चुनाव आयोग गुरुवार को दोनों गुटों की दलीलें फिर सुनेगा। आयोग ने ऋतब्रत बनर्जी गुट को दोपहर 3 बजे और ममता बनर्जी गुट को शाम 4 बजे तलब किया है। दोनों पक्षों से अतिरिक्त दस्तावेज और अंतिम दलीलें पेश करने को कहा गया है।
सूत्रों के अनुसार, ऋतब्रत गुट की ओर से अरूप राय, चंद्रिमा भट्टाचार्य, ऋतब्रत बनर्जी, अखरुज्जमां और अधिवक्ता अमन झा आयोग के समक्ष उपस्थित होंगे। वहीं, ममता गुट की ओर से कल्याण बनर्जी समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। शनिवार को आयोग दोनों पक्षों की प्रारंभिक दलीलें सुन चुका है। इसके बाद ऋतब्रत गुट से अपने दावे के समर्थन में अतिरिक्त दस्तावेज मांगे गए थे।
फैसले को लेकर चार संभावनाओं की चर्चा है। आयोग किसी एक गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न दे सकता है। दूसरी संभावना यथास्थिति बनाए रखने की है। तीसरी स्थिति में दोनों पक्षों से और दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। चौथी संभावना ‘घास पर जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न को अंतरिम तौर पर फ्रीज करने की है। ऐसी स्थिति में दोनों गुटों को अलग चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरना होगा। फैसला आने के बाद असंतुष्ट पक्ष के सुप्रीम कोर्ट जाने की संभावना भी है।

