59 दिनों में भारत के 17 राज्यों का सफर

59 दिनों में भारत के 17 राज्यों का सफर
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

हुगली : नेपाल का 21 वर्षीय युवक डेनियल नेपाली साइकिल लेकर दुनिया का भ्रमण कर रहा है। बुधवार को वह हुगली जिले से गुजर रहा था और स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। डेनियल सुरखेट, लेक बेसी नगरपालिका का निवासी है और पिछले 59 दिनों से लगातार यात्रा पर है। डेनियल ने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य लोगों को नेपाल आने और पवित्र स्थल पशुपति नाथजी के दर्शन करने के लिए प्रेरित करना है। प्रारंभ में वह म्यांमार होते हुए थाईलैंड जाना चाहता था, लेकिन म्यांमार के कुछ विवादित क्षेत्रों के कारण अब वह हवाई जहाज से थाईलैंड पहुंचेगा। इसके बाद वह साइकिल से 15 अन्य देशों की यात्रा जारी रखेंगे। यात्रा की शुरुआत के 59 दिनों में डेनियल ने बांग्लादेश और भारत के 17 राज्यों का भ्रमण किया है। इस दौरान उसने विभिन्न स्थानों की संस्कृति, रीति-रिवाज और स्थानीय लोगों की जीवनशैली का अनुभव लिया।

डेनियल ने कहा कि भारतीयों का स्वागत और सम्मान बेहद दिल को छू लेने वाला रहा। लोगों की उत्सुकता और मित्रवत व्यवहार ने उन्हें प्रेरित किया और उन्होंने भारतीय लोगों को सलाम किया। डेनियल का मानना है कि साइकिल यात्रा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि यह स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए भी लाभकारी है। उनका यह प्रयास युवा पीढ़ी को सक्रिय जीवन शैली अपनाने और साहसिक यात्रा के लिए प्रेरित करता है। यात्रा के दौरान डेनियल स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें नेपाल आने और धार्मिक स्थलों के महत्व के बारे में जानकारी देते हैं। उन्होंने बताया कि उनका उद्देश्य केवल भ्रमण करना नहीं, बल्कि लोगों में मित्रता और आपसी समझ बढ़ाना भी है। डेनियल नेपाली की यह यात्रा साहस और उत्साह का प्रतीक है, जो दिखाती है कि सीमाएं केवल नक्शों तक ही सीमित नहीं हैं। उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है और दुनिया को यह संदेश दे रहा है कि दृढ़ निश्चय और उत्साह से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in