पर्यटन स्थलों पर रही चहल-पहल, लंबी कतारों में खड़े रहे सैलानी

सुबह से ही पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भारी भीड़
पर्यटन स्थलों पर रही चहल-पहल, लंबी कतारों में खड़े रहे सैलानी
Published on

इतिहास और मनोरंजन का केंद्र बने म्यूजियम और जू

मैदान से पार्क स्ट्रीट तक दिखी छुट्टी की रौनक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सरस्वती पूजा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के मौके पर महानगर का नजारा पूरी तरह उत्सवमय नजर आया। छुट्टी का फायदा उठाते हुए हजारों की संख्या में पर्यटक अपने परिवार और दोस्तों के साथ शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर घूमने पहुंचे। सुबह से ही कई जगहों पर भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे पूरा शहर मानो जश्न में डूबा हुआ नजर आया। हालात ऐसे रहे कि अलीपुर जू से लेकर इंडियन म्यूजियम, अलीपुर म्यूजियम, मैदान और पार्क स्ट्रीट तक हर प्रमुख पर्यटन स्थल पर सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पर्यटकों को घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा।

अलीपुर जू और इंडियन म्यूजियम सबसे पसंदीदा जगह

पर्यटकों की पहली पसंद अलीपुर चिड़ियाघर और इंडियन म्यूजियम रहे। अलीपुर जू के बाहर सुबह से ही टिकट काउंटर पर लंबी कतारें लग गईं। बच्चों में जानवरों को देखने के लिए खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं अभिभावक भी इस छुट्टी को यादगार बनाने में जुटे रहे। इसी तरह बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, कॉलेज के विद्यार्थी और अभिभावक इंडियन म्यूजियम पहुंचे। वहीं नेताजी जयंती के मौके पर लोग उनके जीवन, संघर्ष और आजादी की लड़ाई से जुड़े इतिहास को जानने में रुचि लेते नजर आए।

मैदान से पार्क स्ट्रीट तक दिखी अलग ही रौनक

महानगर का दिल कहे जाने वाला मैदान क्षेत्र लोगों से खचाखच भरा रहा। सुबह से ही यहां परिवार और मित्र समूह पहुंचने लगे। कहीं बच्चे पतंग उड़ाते दिखे तो कहीं लोग खुले मैदान में बैठकर छुट्टी के दिन का आनंद लेते नजर आए। इसी तरह पार्क स्ट्रीट इलाके में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा और अवकाश के माहौल के चलते यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ी रही। रेस्टोरेंट्स और कैफे में चहल-पहल बनी रही, जिससे पूरा इलाका जीवंत नजर आया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, शहर में दिखा उत्साह

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचा जा सके। सरस्वती पूजा और नेताजी जयंती के इस खास संयोग ने न सिर्फ धार्मिक और ऐतिहासिक भावना को मजबूत किया, बल्कि शहर के पर्यटन को भी नई ऊर्जा दी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in