

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा: हावड़ा की जर्जर सड़कों और जलजमाव ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के बाद सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से लगातार हादसे हो रहे हैं। मंगलवार को बनारस रोड स्थित तेंतुलतला इलाके में यात्रियों से भरा एक टोटो अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर पलट गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई।
बनारस रोड के तेंतुलतला की घटना
बताया जा रहा है कि सड़क पर गहरे गड्ढे थे, जिनमें बारिश का पानी भरा हुआ था। पानी जमा होने के कारण टोटो चालक गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद नाराज स्थानीय लोगों ने खुद ही फावड़ा और गिट्टी उठाकर सड़क के गड्ढों को भरना शुरू कर दिया। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से यह सड़क बदहाल स्थिति में है, लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा। वहीं, स्थानीय भाजपा नेतृत्व का दावा है कि प्रभावित क्षेत्र में पैचवर्क का काम कराया जा रहा है।