टोटो में छूटा रुपये से भरा बैग, ड्राइवर ने लौटाया

3 दिनों की कड़ी मशक्कत के बाद खोज निकाला गया मालिक
Toto Driver Returns Bag with One Lakh Cash in Nadia
टोटो ड्राइवर का पुलिस अधिकारियों ने किया सम्मान REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के बीरनगर में एक टोटो चालक और स्थानीय स्वयंसेवकों ने ईमानदारी की अनूठी मिसाल पेश की है। टोटो में छूटे 1 लाख रुपये नकद, महत्वपूर्ण दस्तावेज और बैंक पासबुक से भरे बैग को सुरक्षित उसके असली मालिक तक पहुंचाया गया। इस सराहनीय पहल की स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जमकर तारीफ की जा रही है। घटना के अनुसार दुर्गाचरण विश्वास नाम का व्यक्ति ताहेरपुर से टोटो में सवार होकर रानाघाट के पास आइसतला बसाकपाड़ा जा रहा था। उसके पास मौजूद हैंडबैग में 50 हजार रुपये के दो बंडल, छाता, पत्नी की बैंक पासबुक और कई जरूरी कागजात थे। गंतव्य पर उतरते समय वे जल्दबाजी में अपना बैग टोटो में ही भूल गये।

कायम की ईमानदारी की मिसाल

टोटो चालक को भी इसकी भनक नहीं लगी और वह करीब 4 किलोमीटर दूर बीरनगर लौट आया। बीरनगर पहुंचकर जब चालक की नजर लावारिस बैग पर पड़ी, तो उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के तुरंत अपनी संस्था के कार्यकर्ताओं को सूचित किया। स्वयंसेवकों ने बैग में मौजूद कागजातों के आधार पर मालिक की तलाश शुरू की। लगभग तीन दिनों की खोजबीन के बाद दुर्गाचरण विश्वास का पता चला। इसके बाद ताहेरपुर थाने में पुलिस की मौजूदगी में पूरा बैग दुर्गाचरण को सौंप दिया गया, जिससे उनके परिवार ने राहत की सांस ली।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in