

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : उत्तर हावड़ा में सड़कों की जर्जर स्थिति के चलते प्रशासन ने सलकिया से बेलूड़ तक जीटी रोड पर टोटो (ई-रिक्शा) की आवाजाही पर अनिश्चितकाल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। गोलाबाड़ी ट्रैफिक पुलिस ने इस फैसले को लागू करते हुए काजीपाड़ा से बंगबासी के बीच जीटी रोड पर टोटो के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगा दी है। प्रशासन का कहना है कि सड़कों की मरम्मत पूरी होने तक यह व्यवस्था लागू रहेगी, हालांकि इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।
चालकों के सामने आजीविका का संकट
टोटो चालकों का मानना है कि इस फैसले के पीछे सिर्फ खराब सड़कें ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर टोटो नियंत्रण संबंधी परिवहन विभाग के निर्देश भी हैं। बिना किसी पूर्व सूचना और वैकल्पिक व्यवस्था के अचानक लगाए गए इस प्रतिबंध से सैकड़ों टोटो चालकों की रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है। चालकों में इस बात को लेकर भारी चिंता है कि आय बंद होने से वे अपने परिवार का भरण-पोषण कैसे करेंगे।
यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें, समाधान की मांग
जीटी रोड पर टोटो सेवा अचानक बंद हो जाने से दैनिक यात्रियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों और चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों की मरम्मत का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए, प्रतिबंध की निश्चित समयसीमा बताई जाए और प्रभावित टोटो चालकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए।