

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता: सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दिव्यांग महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की। 25 से 60 वर्ष की दिव्यांग महिलाओं को 1,500 की दिव्यांग पेंशन के साथ 3,000 का ‘अन्नपूर्णा भत्ता’ मिलेगा यानी उन्हें कुल 4,500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। वहीं इसी आयु वर्ग की विधवा महिलाओं को 1,500 की पेंशन के बजाय बीडीओ कार्यालय या नगरपालिका से संपर्क कर 3,000 रुपये की अन्नपूर्णा योजना में स्थानांतरित होने की सलाह सीएम ने दी है।
2027-28 में भत्ता दोगुना करने का संकेत
चुनावी संकल्पपत्र में भत्ता दोगुना करने का वादा किया गया था, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण फिलहाल 500 की वृद्धि ही किए जाने पर सीएम ने अफसोस जताया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वित्त वर्ष 2027-28 में राज्य की आर्थिक स्थिति बेहतर होने पर भत्ते को दोगुना करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से पुनर्विचार किया जाएगा। इसके अलावा, 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर राज्यभर में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाने की घोषणा की गई है। पूरे एक महीने तक कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।