रवनीत बिट्टू
File Photo

टीएमसी ने रवनीत बिट्टू पर साधा निशाना

सिख भावनाओं को ठेस पहुँचाने का लगाया आरोप
Published on

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को बिट्टू प्रधानमंत्री मोदी के साथ बंगाल यात्रा पर आये थे। पार्टी के शीर्ष नेताओं शशि पांजा और कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि अब तक उन्हें यह भी पता नहीं था कि बिट्टू रेल राज्य मंत्री हैं, लेकिन इतना जरूर याद है कि संसद में महिला सांसदों के साथ अशोभनीय व्यवहार करने वाले वही थे।

टीएमसी ने कहा कि रवनीत बिट्टू की प्रासंगिक बने रहने की बेताबी अब हद से गुजर चुकी है। उन्होंने ऐसे नेताओं के साथ मंच साझा किया है जिन्होंने खुलेआम सिख समुदाय का अपमान किया था। भाजपा के शुभेंदु अधिकारी ने एक सिख पुलिस अधिकारी को 'खालिस्तानी' कहकर बदनाम किया था और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने सिख की पगड़ी पर चप्पल फेंकी थी। टीएमसी ने कहा, जो व्यक्ति सिख समुदाय का अपमान करने वालों के साथ खड़ा हो, उसने अपने आत्म-सम्मान और गरिमा को बेच दिया है। यही भाजपा की संस्कृति है, जहाँ अवसरवाद और चापलूसी को पुरस्कृत किया जाता है और सिद्धांतों को ताक पर रख दिया जाता है।

पार्टी ने आगे जोड़ा कि दो दिन पहले ही बिट्टू ने संसद में महिला सांसदों से धक्का-मुक्की कर उनकी गरिमा को ठेस पहुँचाई थी और आज वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बगल में बैठने का सम्मान पा रहे हैं। इस संबंध में प्रमुख सिख संगठन बड़ा सिख संगत ने बिट्टू के रवैये की आलोचना की है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in