

प्रसेनजीत
कोलकाता : श्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण से ठीक पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपने स्टार प्रचारकों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 40 नाम शामिल हैं, जिनमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ कई लोकप्रिय और चर्चित चेहरे भी जगह बना पाए हैं।
सूची में सबसे ऊपर पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी का नाम है, जबकि दूसरे स्थान पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवअभिषेक बनर्जी को रखा गया है। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि पार्टी इस चुनाव में अपने शीर्ष नेतृत्व पर मजबूत भरोसा जता रही है।
बीरभूम के नेता अनुब्रत मंडल का नाम सूची में शामिल होना खास चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, हाल ही में टीएमसी में शामिल हुए प्रतिकुर रहमान को भी स्टार प्रचारकों की जिम्मेदारी दी गई है, जो उनके लिए एक अहम शुरुआत मानी जा रही है।
राजनीतिक नेताओं के साथ-साथ इस सूची में सांस्कृतिक और मनोरंजन जगत के कई प्रसिद्ध चेहरों को भी शामिल किया गया है। इनमें कोयल मलिक, देव, देबांशु भट्टाचार्य और सयंतिका बनर्जी जैसे नाम प्रमुख हैं।
इसके अलावा, लोकप्रिय हस्तियों जैसे यूसुफ पठान, जून मालिया, बाबुल सुप्रियो और रचना बनर्जी को भी प्रचार अभियान में शामिल किया गया है।
पहले चरण के मतदान से पहले जारी की गई यह सूची तृणमूल कांग्रेस की बहुआयामी चुनावी रणनीति को दर्शाती है, जिसमें अनुभव और लोकप्रियता का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि स्टार प्रचारकों की यह टीम चुनावी मैदान में कितना प्रभाव डाल पाती है।