स्पीकर चाहें तो करा सकते हैं फ्लोर टेस्ट : ऋतब्रत बनर्जी

64 बागी विधायक हैं उनके साथ विस अध्यक्ष को सौंप दिए गए हैं सभी विधायकों के नाम

स्पीकर चाहें तो करा सकते हैं फ्लोर टेस्ट : ऋतब्रत बनर्जी
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस (TMC) में जारी आंतरिक संकट के बीच विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने दावा किया है कि 64 बागी विधायक उनके खेमे के साथ हैं और उनके नाम विधानसभा अध्यक्ष को सौंप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि स्पीकर आवश्यक समझें तो फ्लोर टेस्ट कराया जा सकता है, जिसमें बागी गुट अपनी वास्तविक ताकत साबित करेगा। बनर्जी का दावा है कि यह संख्या विधानसभा में TMC के दो-तिहाई से अधिक विधायकों का प्रतिनिधित्व करती है।

फ्लोर टेस्ट की संभावना जताई

शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद बनर्जी ने कहा कि जैसे बागी सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को अपनी सूची सौंपी है, वैसे ही बागी विधायकों ने भी विधानसभा अध्यक्ष को अपना समर्थन पत्र सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शक्ति परीक्षण कराया जा सकता है।

और बढ़ सकती है बागियों की संख्या

बनर्जी ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में और विधायक उनके खेमे में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सोमवार या मंगलवार तक स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी। बनर्जी ने वरिष्ठ TMC नेता फिरहाद हकीम को लेकर चल रही अटकलों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं, बल्कि संख्या के आधार पर बात करेंगे। उन्होंने TMC की संसदीय कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सांसदों को स्वतंत्र रूप से अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाने की अनुमति नहीं दी जाती थी। उनके अनुसार, सवाल एक केंद्रीकृत व्यवस्था के तहत तय किए जाते थे, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in