तृणमूल पंचायत सदस्य पर सरकारी दस्तावेज रखने का आरोप

TMC Panchayat Member Accused of Keeping Government Documents
सांकेतिक फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : उलूबेड़िया के बागनान-2 ब्लॉक के शरद ग्राम पंचायत क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के एक पंचायत सदस्य पर लोगों के सरकारी दस्तावेज अपने कब्जे में रखने का आरोप लगने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि पंचायत सदस्य मानस नायक ने अपने घर के पास स्थित एक क्लब कक्ष को पार्टी कार्यालय बनाकर वहां स्थानीय लोगों के वोटर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज जमा कर रखे थे।इस आरोप से नाराज ग्रामीणों ने मानस नायक के घर का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर बागनान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में ही प्रदर्शनकारियों और मानस नायक के परिजनों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने परिवार के एक सदस्य को हिरासत में ले लिया।

लोगों ने जताया विरोध, परिवार ने कहा-चुनाव परिणाम के बाद ही घर छोड़कर चले गये

स्थानीय लोगों का दावा है कि पंचायत सदस्य अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर लोगों के दस्तावेज अपने पास रख लेते थे, जिससे कई जरूरतमंद लोग विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो जाते थे। प्रदर्शन के दौरान जब कथित क्लब कक्ष खोला गया तो वहां से बड़ी संख्या में वोटर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मानस नायक से संपर्क नहीं हो सका। उनकी पत्नी वंदना नायक ने बताया कि विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के दिन से ही उनके पति घर छोड़कर चले गए हैं और उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in