डोमजूर में टीएमसी विधायक के खिलाफ लगे पोस्टर !

Controversial Posters Against TMC MLA Tapas Maity Discovered in Domjur Howrah
डोमजूर में मिले यह पोस्टर
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा जिले के डोमजूर विधानसभा क्षेत्र में उस वक्त राजनीतिक हड़कंप मच गया, जब कई इलाकों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के स्थानीय विधायक तापस मैती के खिलाफ विवादित पोस्टर देखे गए। इन पोस्टरों में विधायक की तस्वीर पर न सिर्फ जूतों की माला छपी है, बल्कि उनके खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित टिप्पणियां भी की गई हैं।

पोस्टर में 'भू-माफिया' और 'चोर' जैसे गंभीर आरोप

इलाके के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर चिपकाए गए इन पोस्टरों में विधायक तापस मैती को "भू-माफिया", "चोर" और "चरित्रहीन" जैसे शब्दों से संबोधित किया गया है। पोस्टरों के नीचे किसी राजनीतिक दल का नाम न लिखकर "डोमजूर निर्वाचन क्षेत्र के नागरिक" लिखा गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इन पोस्टरों को लगाने के पीछे वास्तव में किन असामाजिक तत्वों या गुटों का हाथ है।

राजनीतिक हलचल तेज, टीएमसी की चुप्पी

इस घटना के बाद से डोमजूर और आस-पास के राजनीतिक हलकों में कयासों का दौर शुरू हो गया है। इसे अंदरूनी कलह या विपक्ष की साजिश, दोनों ही नजरिए से देखा जा रहा है। फिलहाल इस संवेदनशील मामले पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। साथ ही, पुलिस में इस संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है या नहीं, इसकी पुष्टि भी नहीं हो सकी है। स्थानीय प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in