उत्तर बैरकपुर और गारुलिया पालिका के चेयरमैन सहित कई पार्षदों ने दिया इस्तीफा

TMC Loses Control: Mass Resignations in North Barrackpore and Garulia Municipalities After Bengal Election Defeat
फाइल फोटो REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर : बैरकपुर शिल्पांचल की कांचरापाड़ा, हालीशहर, भाटपाड़ा पालिकाओं के बाद अब सोमवार को उत्तर बैरकपुर और गारुलिया में टीएमसी पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया। जानकारी के अनुसार 23 वार्डों वाली उत्तर बैरकपुर नगर पालिका में टीएमसी के 15 पार्षदों ने चुनाव में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए एक साथ इस्तीफा दे दिया। इस नगर पालिका में पहले ही 3 पार्षदों का निधन हो चुका है। सामूहिक इस्तीफे के साथ ही हालात की जिम्मेदारी लेते हुए नगर पालिका के चेयरमैन मलय राय ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। विपक्ष का दावा है कि यह स्थिति टीएमसी के लंबे समय से जनता से कट जाने और अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है।

कहा-जनता की मर्जी को उन्होंने स्वीकार कर लिया है

वहीं कुछ पार्षदों का कहना है कि उन्होंने जनता की मर्जी को मान लिया है। उत्तर बैरकपुर के साथ-साथ इसदिन गारुलिया के चेयरमैन रमेन दास सहित 8 पार्षदों ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा सौंप दिया। 21 पार्षदों वाली इस नगर पालिका में अब तक कुल 18 पार्षद इस्तीफा दे चुके हैं। अब केवल 3 पार्षद (एक वाम मोर्चा, एक निर्दलीय और एक टीएमसी) बचे हैं, जिससे यहां टीएमसी का बोर्ड पूरी तरह अल्पमत में आ गया है। शिल्पांचल के कांचरापाड़ा, हालीशहर और भाटपाड़ा के बाद अब उत्तर बैरकपुर और गारुलिया में हुए इन सामूहिक इस्तीफों ने बैरकपुर औद्योगिक क्षेत्र में टीएमसी के सांगठनिक ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। पालिकाओं में मचे इस घमासान के बीच, टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोमवार शाम को दमदम, उत्तर दमदम, दक्षिण दमदम, बरानगर और विधाननगर नगर निगम के पार्षदों और मेयरों के साथ कालीघाट में एक बैठक भी की है। इन इस्तीफों पर हालांकि भाजपा विधायक अर्जुन सिंह ने पहले ही कहा है कि पार्षद स्वेच्छा से इस्तीफा दे रहे हैं जिसकी जानकारी शीर्ष नेतृत्व को दी गयी है। शीर्ष नेतृत्व ही इस पर आगे फैसला लेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in