भ्रष्टाचार के आरोप में उलूबेड़िया का तृणमूल नेता गिरफ्तार

TMC Leader Surajit Mandal Arrested Over Corruption Charges in Uluberia
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले से तृणमूल कांग्रेस (TMC) को एक और बड़ा झटका लगा है। राजपुर थाना पुलिस ने बुधवार रात उलुबेरिया उत्तर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बाणीबन अंचल के टीएमसी नेता और पूर्व अंचल अध्यक्ष सुरजीत मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई बाणीबन के जोड़ा पोल इलाके से की है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुरजीत मंडल को इलाके में पूर्व विधायक निर्मल माझी का बेहद करीबी माना जाता था। उनके खिलाफ काफी समय से इलाके में जबरन वसूली (तोलाबाजी), भ्रष्टाचार और डराने-धमकाने की कई शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राज्य में पहले टीएमसी की मजबूती के कारण पुलिस ने उनके खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया था। हालांकि, हाल ही में सत्ता के समीकरण बदलने के बाद राजपुर थाने में सुरजीत के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

कई और अभियुक्तों की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस गिरफ्तारी पर तंज कसते हुए भाजपा हावड़ा ग्रामीण जिला महासचिव रमेश साधुखां ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त टीएमसी का कोई भी नेता बच नहीं पाएगा। उलुबेरिया-2 ब्लॉक के कई अन्य नेता भी जांच के दायरे में हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस जबरन वसूली के आरोप में श्यामसुंदर मेटिया, उत्पल दलपति और मोमिन मल्लिक जैसे कई टीएमसी नेताओं को सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in