पूर्व मंत्री का करीबी ऑटो-टोटो चालकों से वसूली के आरोप में गिरफ्तार

TMC Labor Leader Tarak Dey Arrested in Habra for Extortion from Auto Drivers
अभियुक्त को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस REP
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

उत्तर 24 परगना: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाबड़ा इलाके से जबरन वसूली (तोलाबाजी) के आरोप में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कद्दावर श्रमिक नेता तारक दे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नेता को पूर्व मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक का बेहद करीबी माना जाता है। गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस आरोपी को कोर्ट ले जाने लगी, तो स्थानीय लोगों और महिलाओं ने 'चोर-चोर' के नारे लगाते हुए झाड़ू-जूते दिखाकर भारी विरोध प्रदर्शन किया।

ऑटो-टोटो चालकों और व्यापारियों से जबरन वसूली का आरोप

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाबड़ा के अरविंद रोड निवासी तारक दे राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर लंबे समय से इलाके के ऑटो और टोटो चालकों से नियमित रूप से अवैध वसूली कर रहे थे। हाबड़ा-फुलतला रूट सहित शहर के लगभग 37 ऑटो और टोटो रूटों पर उनका सीधा नियंत्रण था। आरोप है कि जो भी चालक पैसे देने से इनकार करता, उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जाती थी। इसके अलावा, 'हाबड़ा उत्सव' के नाम पर स्थानीय व्यापारियों से भी मोटी रकम वसूलने की शिकायतें सामने आई हैं।

पीड़ित की शिकायत पर आधी रात को कार्रवाई

गत शनिवार को फुलतला इलाके के एक टोटो चालक ने प्रताड़ना से तंग आकर हाबड़ा थाने में तारक दे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार देर रात टाकी रोड के पास विवेकानंद पल्ली इलाके में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। मंगलवार को आरोपी को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। इस मामले पर टीएमसी नेता बिस्वजीत समाद्दार ने कहा कि जो लोग पार्टी का नाम बदनाम कर जनता पर अत्याचार कर रहे हैं, पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in