

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने एनजीओ के नाम पर आम लोगों की व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने वालों के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए एक सर्कुलर जारी किया है। पार्टी सूत्रो के मुताबिक, हाल ही में लोगों के एक समूह को एक विशेष तरीके से घर-घर जाकर आम लोगों की व्यक्तिगत जानकारी एकत्रित करते देखा गया है। पार्टी ने एक विशेष उद्देश्य से किए जा रहे इस कृत्य के खिलाफ चेतावनी दी है। सूत्रों के अनुसार, परिपत्र में कहा गया है कि कुछ शरारती तत्व एनजीओ या स्वैच्छिक संगठनों के नाम पर घर-घर जाकर मतदाताओं को मुफ्त में मसाले और अन्य वस्तुएं बांट रहे हैं और बदले में उनसे नाम, फोन नंबर और अन्य जानकारी हासिल कर रहे हैं। इसके पीछे एक बहुत बड़ी साजिश और षड्यंत्र छिपा हो सकता है। पार्टी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की तुरंत निगरानी करें तथा सभी बूथ स्तर के नेताओं के साथ बैठक कर लोगों को जागरूक और सतर्क करें। कभी-कभी यह आपके व्हाट्सएप ग्रुप में भी घुसपैठ कर लेता है। उनका उद्देश्य पार्टी की आंतरिक जानकारी प्राप्त करना है। इसलिए जैसे ही आपको खबर मिले, तुरंत एफआईआर दर्ज कराएं और पार्टी को सूचित करें।