184.96 करोड़ राजनीतिक चंदे के साथ टीएमसी दूसरे स्थान पर

एडीआर रिपोर्ट में टीएमसी की आय ने सबको चौंकाया
ADR Logo
File photo
Published on

कोलकाता : वित्त वर्ष 2024-25 में क्षेत्रीय राजनीतिक दलों को मिले चंदे के मामले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) देश में दूसरे स्थान पर रही। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट के अनुसार, टीएमसी को 184.96 करोड़ रुपये का राजनीतिक चंदा मिला। इस सूची में द्रमुक (डीएमके) 365.78 करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर रही।

रिपोर्ट के अनुसार, टीएमसी को मिले 99 प्रतिशत से अधिक चंदे का भुगतान चेक और डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से किया गया, हालांकि अधिकांश दानदाताओं का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं है। वहीं, डीएमके को मिलने वाले अधिकांश चंदे नकद और बैंक हस्तांतरण के जरिए प्राप्त हुए। एडीआर ने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 की तुलना में 2024-25 में टीएमसी के चंदे में 178.53 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

पिछले वर्ष पार्टी को 6.42 करोड़ रुपये का चंदा मिला था, जो बढ़कर 184.96 करोड़ रुपये हो गया। यह क्षेत्रीय दलों में दूसरी सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि डीएमके, टीएमसी, वाईएसआर कांग्रेस, तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) और एआईएडीएमके को कुल 840.12 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जो सभी क्षेत्रीय दलों को मिले कुल चंदे का लगभग 80 प्रतिशत है।

एडीआर के अनुसार, क्षेत्रीय दलों को मिलने वाले कुल चंदे में कॉरपोरेट और कारोबारी घरानों की हिस्सेदारी सबसे अधिक लगभग 62 प्रतिशत रही।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in