बैरकपुर में तैनात होंगी 150 से अधिक कंपनियां !

Tight Security in Barrackpore: Over 150 Companies to be Deployed Ahead of Elections
टीटागढ़ थाने में पहुंचे बैरकपुर कमिश्नरेट के सीपी अमित कुमार सिंह, साथ हैं डीसी सेंट्रल इंद्रबदन झा
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बैरकपुर/ बारासात : आगामी चुनाव को लेकर बैरकपुर अंचल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बैरकपुर के पुलिस कमिश्नर अमित कुमार सिंह ने विभिन्न थानों में बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गणतंत्र के इस उत्सव में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की 90 कंपनियां तैनात हैं, जबकि चुनाव के दौरान यह संख्या बढ़कर 150 से अधिक होने की संभावना है। सीपी ने कहा कि मतदाता बिना किसी डर के मतदान कर सकें, इसके लिए पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम करेगी। यदि किसी को घर से निकलने से रोका जाता है या धमकी दी जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बारासात में भी कड़ी सुरक्षा के बीच निष्पक्ष मतदान की तैयारी

वहीं, उत्तर 24 परगना जिले में मतगणना की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। बारासात गवर्नमेंट कॉलेज को महत्वपूर्ण मतगणना केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस क्रम में नव नियुक्त जिलाधिकारी शिल्पा गौरीसरिया और बारासात जिला पुलिस अधीक्षक पुष्पा ने कॉलेज परिसर का दौरा कर स्ट्रॉन्ग रूम और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इसी केंद्र पर बारासात, मध्यमग्राम, अशोकनगर, देगंगा और हाबरा सहित कई विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती होगी। ईवीएम की सुरक्षित आवाजाही, स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी और मतगणना प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विस्तृत योजना पर काम किया गया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या तनाव को रोकने के लिए पूरी तैयारी की गई है, ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in