

अलीपुरदुआर : बक्सा टाइगर रिज़र्व से एक बार फिर वयस्क नर बाघ की तस्वीर कैमरे में कैद हुई हैं। जंगल में रॉयल बंगाल टाइगर की मौजूदगी से वन कर्मियों में उत्साह देखा जा रहा है। वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे कैमरा ट्रैपिंग अभियान के दौरान 15 जनवरी 2026 को एक वयस्क नर बाघ की तस्वीर कैमरे में कैद हुई है। शुक्रवार रात को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों ने दी। वन अधिकारियों के अनुसार, यह तस्वीर बक्सा टाइगर रिज़र्व में बाघों की निरंतर उपस्थिति और उनकी सक्रिय आवाजाही का मजबूत प्रमाण है।
वन विभाग ने यह कहा : इससे पहले भी दिसंबर 2021 और दिसंबर 2023 में कैमरा ट्रैप के जरिए बाघ की मौजूदगी दर्ज की जा चुकी है। ताजा तस्वीर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि बक्सा का जंगल बाघों के लिए अनुकूल और सुरक्षित आवास बना हुआ है। वन विभाग का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में किए गए संरक्षण प्रयासों का सकारात्मक असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। घासभूमि के विकास, शिकार प्रजातियों की संख्या बढ़ने, वन ग्रामों के पुनर्वास और कड़ी निगरानी व्यवस्था के चलते बक्सा में वन्यजीवों के लिए बेहतर वातावरण तैयार हुआ है। इस उपलब्धि को बाघ संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।