

कोलकाता : 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा के साथ ही बंगाली सिनेमा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। शनिवार को नई दिल्ली के राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में घोषित पुरस्कारों में निर्देशक अंजन दत्त की फिल्म ‘चालचित्र एखन’ को सर्वश्रेष्ठ बंगाली फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। वहीं फिल्म ‘अंक की कठिन’ के बाल कलाकार ऋद्धिमान बंद्योपाध्याय, तपोमय देव और गीतश्री चक्रवर्ती को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार के राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
एक साथ दो प्रमुख श्रेणियों में मिली इस सफलता से बंगाली फिल्म उद्योग में उत्साह का माहौल है। लंबे समय बाद बंगाली सिनेमा को एक ओर सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय फिल्म और दूसरी ओर सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिलने से टॉलीवुड के कलाकारों और फिल्मकारों ने इसे बड़ी उपलब्धि बताया है।
फिल्म जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि यह सम्मान केवल संबंधित फिल्म और कलाकारों की सफलता नहीं, बल्कि पूरे बंगाली सिनेमा की रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है। उनका मानना है कि इससे बंगाली फिल्मों और नए कलाकारों को देशभर में और अधिक पहचान मिलेगी तथा क्षेत्रीय सिनेमा को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के लिए 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2024 के बीच केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से प्रमाणित फिल्मों पर विचार किया गया। विजेताओं का चयन प्रख्यात फिल्म निर्माता जयराज की अध्यक्षता वाली 11 सदस्यीय जूरी ने किया। इस वर्ष विभिन्न श्रेणियों में कुल 43 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की गई।