

छात्र सीखेंगे डिजाइन थिंकिंग और प्रॉब्लम सॉल्विंग
मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : जादवपुर यूनिवर्सिटी में 13 से 15 मई तक इनोवेशन पर केंद्रित तीन दिवसीय रीजनल मेंटरिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत के विभिन्न स्कूलों से लगभग 200 शिक्षक और छात्र भाग लेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं में रचनात्मक सोच विकसित करना और उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए नए विचार तैयार करने के लिए प्रेरित करना है। यह कार्यक्रम स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, ऑल इंडिया काउंसिल फॉर टेक्नोलॉजी एजुकेशन (AICTE) तथा शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें पीएम श्री स्कूल स्कीम के अंतर्गत आने वाले विद्यालय भी हिस्सा लेंगे। इस योजना का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में विकसित करना है। इसके अलावा अन्य स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिससे विचारों के आदान-प्रदान का बेहतर मंच तैयार होगा।
इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स को मिलेगा 1.5 लाख रुपये तक का सहयोग
अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन एक्टिविटी, मेंटरिंग सत्र और विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। तीन दिनों तक उन्हें प्रॉब्लम-सॉल्विंग, डिजाइन थिंकिंग और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले इनोवेटिव प्रोजेक्ट तैयार करने के बारे में मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने बताया कि चयनित इनोवेशन को ‘स्कूल इनोवेशन कॉन्टेस्ट’ के तहत 1.5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा सकती है। वहीं, स्कूलों को KAPILA Programme पहल के तहत पेटेंट फाइल करने के लिए 34,100 रुपये तक की सहायता भी प्रदान की जाएगी।