24 घंटे बाद भी विकास भवन में डटे रहे हजारों शिक्षक

3,719 शिक्षकों ने खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा
24 घंटे बाद भी विकास भवन में डटे रहे हजारों शिक्षक
Published on: 

60 साल तक नौकरी की गारंटी मांग रहे शिक्षक

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : सॉल्टलेक में आईसीटी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने वाले कंप्यूटर शिक्षकों का विरोध-प्रदर्शन सोमवार से शुरू होकर मंगलवार तक लगातार जारी रहा। 'ऐक्य मंच' के छठे और सातवें चरण के इन 3,719 शिक्षकों ने किसी थर्ड-पार्टी एजेंसी के तहत काम करने के बजाय सीधे सरकारी कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी के रूप में नियुक्त किए जाने की मांग को लेकर विकास भवन के सामने पूरी रात खुले आसमान के नीचे धरना दिया। मंगलवार की सुबह यह प्रदर्शन और अधिक आक्रामक हो गया, जहां शिक्षकों ने साफ कर दिया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों के संबंध में कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं करती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।

टर्मिनेशन के बाद शिक्षकों का संकट

इन शिक्षकों के अनुबंध की अवधि दुर्गा पूजा की छुट्टियों से ठीक पहले यानी आज समाप्त हो रही है और संबंधित एजेंसियों ने उनके कॉन्ट्रैक्ट को आगे बढ़ाने से इनकार करते हुए उन्हें टर्मिनेशन लेटर थमा दिए हैं। शिक्षकों का मुख्य दर्द यह है कि पहले के पांच चरणों के शिक्षकों को लंबा संघर्ष करने के बाद सरकारी कॉन्ट्रैक्ट का दर्जा और सुरक्षा मिल चुकी है, जबकि 5 साल की सेवा पूरी करने के बाद भी छठे और सातवें चरण के ये शिक्षक वेबेल स्कूल नेट और एक्स्ट्रामार्क्स जैसी निजी एजेंसियों के चंगुल में फंसे हुए हैं। इस एजेंसी व्यवस्था के अंधेरे से मुक्ति पाने, नौकरी की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा 60 वर्ष की आयु तक सेवा की गारंटी पाने की मांग को लेकर ये शिक्षक इस त्योहारी सीजन में अपनी आजीविका बचाने के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in