यह अक्षम्य अपराध है : सीएम शुभेंदु

मुर्शिदाबाद हादसा : ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में ‘गेटमैन’ गिरफ्तार
यह अक्षम्य अपराध है : सीएम शुभेंदु
Published on

सबिता, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार की सुबह एक रेलवे समपार फाटक पर एक कार को ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस घटना में 4 स्कूली छात्र समेत पांच लोगों की मौत हो गई। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक घटना है। यह अक्षम्य अपराध है। ड्यूटी में लापरवाही के आरोप में ‘गेटमैन’ को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीएम ने कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि मानवीय गलती के कारण हुआ हादसा है। गेटमैन नशे में था या नहीं, इसकी मेडिकल जांच के निर्देश दिये गये हैं। प्राथमिक जांच में पता चला है कि गेटमैन की लापरवाही के कारण ही इतनी बड़ी घटना घटी। उन्होंने कहा कि हादसे की खबर मिलते ही राज्य प्रशासन हरकत में आ गया। मैंने सुबह से ही जिले के पुलिस अधीक्षक से सम्पर्क में रहा हूं। बाद में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी बात हुई है। रेलवे के अधिकारी भी सम्पर्क में थे।

दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी

सीएम ने कहा कि जिन युवा छात्रों की जान गई है, उनके परिवारों और खासकर उनके माता-पिता के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इतने गहरे दुख को कम करने के लिए कोई शब्द नहीं है और इस मुश्किल घड़ी में पूरा राज्य पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। मैंने प्रशासन को निर्देश दिया है कि घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जाए। मंत्री गौरी शंकर घोष पहले ही अस्पताल का दौरा कर चुके हैं और स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद हैं और व्यक्तिगत रूप से राहत कार्यों की देखरेख कर रहे हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इलाज करा रहे लोगों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मिले। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखर्जी व्यक्तिगत रूप से यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि घायलों को मेडिकल कॉलेज में सबसे अच्छा इलाज मिले। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य पुलिस ने गेटमैन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के कारणों की गहन जांच की जाएगी और मैं पश्चिम बंगाल के लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मृतकों की आत्मा को शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in