विकास भी होगा और हिसाब भी : सीएम

“बुरी ताकतों” को DJ बजाने का मौका नहीं मिला
विकास भी होगा और हिसाब भी : सीएम
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सीएम शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के सामने अपने शुरुआती हफ्तों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में पहले शासन कर चुकीं वाममोर्चा और तृणमूल पर जमकर निशाना साधा। सीएम शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने ‘DJ’ टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने “बुरी ताकतों और कट्टरपंथ को DJ बजाने का अवसर नहीं दिया, बल्कि धमसा, मादल और शंख की आवाज को गूंजने का मौका दिया।” सीएम ने यह भी कहा कि कुछ नहीं भूला हूं विकास भी होगा और हिसाब भी होगा। अपने कार्यकाल की अब तक कि उपलब्धियां गिनाते हुए सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री और 21 राज्यों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में उन्हें संविधान और कानून के दायरे में रहकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 हफ्तों में राज्य की सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत करने और सीमा सुरक्षा बल (BSF) को जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उनकी सरकार “तुष्टीकरण की राजनीति” से दूर रहने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अवैध ओबीसी प्रमाणपत्रों को रद्द करने, त्योहारों के दौरान गोहत्या रोकने और ध्वनि प्रदूषण से लोगों को राहत दिलाने के लिए उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भविष्य की योजनाओं का भी संकेत दिया। इसके अलावा, उन्होंने ‘लव जिहाद’ और जबरन धर्म परिवर्तन जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने का भरोसा दिलाया। सीएम ने अपनी सरकार की नीतियों को राज्य में सुरक्षा, सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक सुधारों से जोड़ते हुए आगे की दिशा स्पष्ट करने की कोशिश की।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in