दीघा के जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटा

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का जताया आभार
दीघा के जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटा
Published on: 

भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने दीघा स्थित जगन्नाथ मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने के फैसले के लिए बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के अपने समकक्ष शुभेंदु अधिकारी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान होगा और पुरी स्थित 12वीं सदी के मंदिर की विशिष्ट आध्यात्मिक पहचान भी बनी रहेगी। अधिकारी ने माझी को लिखे एक पत्र में बताया कि दीघा स्थित मंदिर का आधिकारिक नाम बदलकर 'श्री श्री जगन्नाथ मंदिर' कर दिया गया है। वहीं, पूरे परिसर को अब 'श्री श्री जगन्नाथ सांस्कृतिक केंद्र' के नाम से जाना जाएगा। यह फैसला माझी द्वारा दीघा मंदिर के नाम से 'धाम' शब्द हटाने के अनुरोध के बाद किया गया है।

पश्चिम बंगाल में पिछली तृणमूल सरकार के दौरान इस मुद्दे पर विवाद खड़ा हो गया था, जिसने दीघा मंदिर परिसर का नाम 'जगन्नाथ धाम' रखा था। इस पर पुरी के जगन्नाथ मंदिर की ओर से कड़ी आपत्ति जताई गई थी। अधिकारी ने 23 नवंबर को लिखे अपने पत्र में कहा कि वह भगवान जगन्नाथ और पुरी के जगन्नाथ धाम के धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व के संबंध में माझी द्वारा व्यक्त की गई भावनाओं की सराहना करते हैं। अधिकारी ने कहा कि संशोधित नाम मंदिर की धार्मिक महत्व के साथ-साथ परिसर के व्यापक सांस्कृतिक स्वरूप को भी उचित रूप से दर्शाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालु इस फैसले की सराहना करेंगे और इससे दोनों राज्यों के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंध व सद्भावना मजबूत होगी। माझी ने सोशल मीडिया पर पत्र साझा करते हुए एक पोस्ट में कहा कि दीघा मंदिर परिसर के लिए 'जगन्नाथ धाम' के पवित्र नाम का उपयोग करने के पिछले फैसले ने पुरी के एक अन्य नाम, श्रीक्षेत्र के अद्वितीय धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व की अनदेखी कर श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत किया था। माझी ने कहा, "मुझे खुशी है कि माननीय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी पिछली घोषणा के बाद अब दीघा मंदिर परिसर से 'धाम' शब्द हटाने के फैसले की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।" पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने 12वीं सदी के इस मंदिर से जुड़े 'श्री जगन्नाथ धाम' सहित पवित्र शब्दों, उपाधियों और प्रतीकों के अनधिकृत व्यावसायिक और संस्थागत उपयोग को रोकने के लिए ट्रेडमार्क अधिकार हासिल कर लिए हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News