72 घंटों में बदलेगा मौसम, 3-4 डिग्री चढ़ेगा पारा

ट्रफ सिस्टम से बन रहे हैं बदलते मौसम के हालात
72 घंटों में बदलेगा मौसम, 3-4 डिग्री चढ़ेगा पारा
Published on

उत्तर बंगाल के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद अब कम होती दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 72 घंटों में तापमान में तेज वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि सप्ताहांत तक राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है, लेकिन इसके बाद दक्षिण बंगाल में मौसम शुष्क हो जाएगा और गर्मी फिर से अपना असर दिखाएगी। कोलकाता में सोमवार तक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी जिलों में यह 40 डिग्री तक जा सकता है। इन इलाकों में गर्मी और असहजता चरम पर रहने की संभावना है।

शनिवार से बढ़ेगी उमस भरी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार से दक्षिण बंगाल में बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी, जिसके कारण तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। इसके चलते मौसम फिर से गर्म और असहज हो जाएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रविवार से पश्चिमी जिलों में उमस भरी गर्मी का असर बढ़ेगा, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम में बदलाव का कारण पूर्वी-पश्चिमी ट्रफ है, जो मणिपुर से राजस्थान तक फैला हुआ है। इसके साथ ही उत्तरी-दक्षिणी ट्रफ भी सक्रिय है, जिससे बंगाल में नमी की मात्रा बढ़ रही है और बारिश की स्थिति बन रही है।

किन जिलों में अधिक प्रभाव?

पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मिदनापुर, झाड़ग्राम, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

उत्तर बंगाल में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और आसपास के जिलों में शनिवार यानी आज 70 से 100 मिमी तक भारी वर्षा हो सकती है, साथ ही तेज आंधी भी चलने की संभावना है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in