37 दिन बाद बदला मौसम का मिजाज

कोलकाता में पारा 16 डिग्री पर, आगे बड़ी ठंड की संभावना नहीं
37 दिन बाद बदला मौसम का मिजाज
Published on

अगले 4–5 दिनों तक नहीं बदलेगा मौसम

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : लगातार 37 दिनों के बाद महानगर के मौसम में हल्का बदलाव दर्ज किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहर का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। सोमवार की सुबह अलीपुर मौसम विभाग द्वारा दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान 16.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मौसम विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।

पश्चिमी विक्षोभ बना वजह

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इस समय एक तेज पश्चिमी विक्षोभ जम्मू-कश्मीर और आसपास के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में प्रवेश कर चुका है। इसके अलावा शुक्रवार को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित कर सकता है। इन लगातार आ रहे विक्षोभों के कारण उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं का प्रवाह बाधित हो रहा है, जिसका सीधा असर बंगाल के मौसम पर पड़ रहा है।

दिन-रात के तापमान में बढ़ोतरी

अलीपुर मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल के अधिकांश इलाकों में दिन और रात दोनों समय तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दक्षिणी पंजाब के ऊपर सक्रिय चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है, जिसकी एक धुरी दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक फैली हुई है। यही प्रणाली बंगाल की ओर आने वाली उत्तरी हवाओं को रोक रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य में मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है हालांकि पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर बरकरार है। विभाग ने बताया कि सिक्किम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। फिलहाल कोलकाता समेत पूरे बंगाल में ठंड के तीखे तेवर नरम पड़ते नजर आ रहे हैं और लोगों को अब राहत महसूस होने लगी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in