

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पिछले दो दिनों में दक्षिण बंगाल में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। वहीं दिन का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम है। इस गिरावट के बावजूद अलीपुर मौसम कार्यालय ने फिलहाल कड़ाके की ठंड का कोई नया अनुमान नहीं दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में धूप खिलने की संभावना है और तापमान में थोड़ी हल्की कमी बनी रहेगी, जिससे मौसम सुहाना बना रहेगा।
उत्तर बंगाल में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में घने कोहरे की चेतावनी जारी है। सुबह के समय इन जिलों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर सकती है। वहीं दक्षिण बंगाल के जिलों में तापमान में गिरावट आई है, लेकिन पारा कहीं भी 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया।
मौसम विभाग का अनुमान
अलीपुर मौसम कार्यालय ने कहा कि राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में सुबह हल्का कोहरा रह सकता है, जिससे विजिबिलिटी 999 से 200 मीटर तक घट सकती है।
एक नजर इन आंकड़ों पर
जिला डिग्री (न्यूनतम तापमान)
नदिया : 11°C
बीरभूम : 11°C
श्रीनिकेतन : 12.3°C
आसनसोल : 12.5°C
कैनिंग : 12.4°C
बरहमपुर : 13.4°C
पुरुलिया : 13°C
बशीरहाट : 13°C
बर्दवान : 13.6°C