

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राज्य में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। बीते कुछ दिनों में तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर साफ महसूस किया जा रहा है। महानगर में जहां न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था, वहीं इसके और नीचे जाने की उम्मीदों पर फिलहाल विराम लग गया है। शनिवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। सर्दी पसंद करने वालों के लिए यह मौसम अभी पूरी तरह संतोषजनक नहीं माना जा रहा, क्योंकि पारा ठहर-सा गया है।
पश्चिमी जिलों में बढ़ी ठंड, न्यूनतम 11 डिग्री तक
राज्य के पश्चिमी जिलों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। शनिवार को इन जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से नीचे है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक पश्चिमी जिलों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। वहीं तटीय जिलों में मौसम अपेक्षाकृत संतुलित बना हुआ है। यहां न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है। मौसम फिलहाल शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
उत्तर बंगाल में कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बंगाल के जिलों में घना कोहरा परेशानी का कारण बन सकता है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार समेत कई इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर तक आ सकती है। यहां न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। ठंड का मिजाज बना रहेगा, लेकिन पारे में उतार-चढ़ाव एक से दो डिग्री सेल्सियस के भीतर ही रहेगा।