

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मध्यमग्राम में महिला सोसाइटी की 34वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने भाग लिया। सीएम ने राज्य की अर्थव्यवस्था में सहकारिता की अहम भूमिका पर जोर दिया। सहकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए सीएम ने इसे ‘चौथी सरकार’ बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों के साथ संविधान से मान्यता प्राप्त सहकारिता व्यवस्था भी आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सहकारिता जितनी मजबूत होगी, राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए उतने ही नए रास्ते खुलेंगे।
'पिछली सरकार में सहकारिता आंदोलन की हुई उपेक्षा'
उन्होंने पिछली सरकार पर सहकारिता क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में सहकारिता कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा, पिछली सरकार में अगर कोई कुछ समझाने की कोशिश भी करता था, तो वे सुनना नहीं चाहते थे और यही कहते थे कि ''''मैं सब जानती हूं''''। राज्य में वर्षों से सहकारिता के चुनाव नहीं कराए गए, जिससे यह आंदोलन कमजोर हुआ। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य की 6,000 से अधिक समितियों में से लगभग 2,000 समितियां निष्क्रिय हो चुकी हैं और इंजीनियरों के को-ऑपरेटिव के लिए निर्धारित 25 प्रतिशत कोटा भी बंद कर दिया गया था।