राज्य सरकार ने भाजपा सांसद अनंत महाराज से ‘बंग विभूषण' सम्मान वापस लिया

नेताजी पर टिप्पणी से विवाद बढ़ा
अनंत महाराज
अनंत महाराज
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य की भाजपा सरकार ने गुरुवार को पार्टी के राज्यसभा सदस्य नागेंद्रनाथ राय उर्फ अनंत महाराज को पूर्व में दिए गए राज्य के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बंग विभूषण’ को वापस लेने और रद्द करने का फैसला किया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस को लेकर महाराज की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के बाद यह कार्रवाई की गई। सीएम शुभेंदु अधिकारी द्वारा पुलिस को सोशल मीडिया पर नेताजी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ गिरफ्तारी समेत कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के 24 घंटे से भी कम समय बाद यह कदम उठाया गया। उन्होंने कहा था कि कानून सांसदों, विधायकों और सरकारी अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होगा। शुभेंदु का यह निर्देश अनंत महाराज द्वारा नेताजी को “युद्ध अपराधी” बताए जाने और स्वतंत्रता संग्राम में उनके नेतृत्व तथा आजाद हिंद फौज की भूमिका पर सवाल उठाए जाने के कुछ दिन बाद आया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बुधवार से राज्यभर में करीब छह प्राथमिकी दर्ज की गईं और उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। अनंत महाराज, राज्य के उत्तर बंगाल के कूचबिहार से आते हैं और राजबंशी समुदाय के नेता हैं। नागेंद्रनाथ राय को यह सम्मान पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 21 फरवरी 2026 को कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस समारोह के दौरान प्रदान किया था। राज्य के सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग ने गुरुवार को आदेश जारी कर यह सम्मान रद्द कर दिया।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in