

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
पानीहाटी : पानीहाटी और मध्यमग्राम को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण सोदपुर ओवरब्रिज गुरुवार को आधी रात से अगले 6 दिनों के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। KMDA द्वारा पुल की आवश्यक मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य को गति देने के लिए यह कड़ा फैसला लिया गया है।
मरम्मत कार्य और बैठक का निर्णय
सोदपुर ओवरब्रिज पर पिछले कुछ समय से मरम्मत का काम चल रहा था। अब तक ब्रिज के एक हिस्से को बंद करके काम किया जा रहा था, जबकि दूसरे हिस्से से यातायात जारी था। हालांकि, काम को समय पर पूरा करने और पुल के दूसरे हिस्से की मरम्मत को सुचारू रूप से चलाने के लिए केएमडीए ने पूरे ब्रिज को बंद करने की अपील की थी। इसी सिलसिले में बुधवार को पानीहाटी नगर पालिका और बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। बैठक के बाद पानीहाटी नगर पालिका के चेयरमैन सोमनाथ दे ने आधिकारिक घोषणा की कि गुरुवार को की आधी रात से 27 जनवरी तक ब्रिज को दोनों तरफ से पूरी तरह सील कर दिया जाएगा।
यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग
ब्रिज बंद होने से मध्यमग्राम, बारासात और सोदपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा हो सकती है। चेयरमैन सोमनाथ दे ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक रास्तों के उपयोग की सलाह दी है कि रेलवे गेट नंबर 5, 6 और 8: वाहन चालक और आम नागरिक इन रेलवे फाटकों का उपयोग कर मध्यमग्राम की ओर जा सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इन गेटों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती का आश्वासन दिया है।
बेलघरिया ब्रिज बंद होने से बढ़ी चुनौती
यह स्थिति इसलिए भी चुनौतीपूर्ण है क्योंकि हाल ही में बेलघरिया रेल ओवरब्रिज को भी मरम्मत कार्य के लिए बंद किया गया है। सोदपुर ब्रिज के बंद होने से बीटी रोड और मध्यमग्राम रोड पर दबाव बढ़ने की आशंका है। प्रशासन का मानना है कि 27 जनवरी तक काम पूरा हो जाने के बाद जब पुल पूरी तरह खुलेगा, तो यात्रियों को पुरानी समस्याओं से मुक्ति मिल जाएगी और सफर अधिक सुरक्षित होगा। गर पालिका ने उम्मीद जताई है कि मरम्मत कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा ताकि गणतंत्र दिवस के आसपास यातायात पुनः सुचारू हो सके।