

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हालीशहर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए बैरकपुर के सांसद पार्थ भौमिक ने एक विशेष पहल की है। सोमवार को उत्तर 24 परगना के हालीशहर स्थित रामप्रसाद मैदान में 'बैरकपुर सेवाश्रय' चिकित्सा कैंप का उद्घाटन किया गया। यह कैंप पूरी तरह से अभिषेक बनर्जी के 'डायमंड हार्बर मॉडल' से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य आम जनता के घरों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना है।
इस जन कल्याणकारी सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में केक काटकर की गई। उद्घाटन समारोह में राज्य की स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य, खाद्य मंत्री रथीन घोष और सांसद पार्थ भौमिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा सांसद सुबोध अधिकारी, विधायक सनत दे, राज चक्रवर्ती, विधायक निर्मल घोष, विधायक ज्योतिप्रिय मल्लिक, रफिकुर रहमान और कंचरापाड़ा के चेयरमैन कमल अधिकारी, बैरकपुर के चेयरमैन उत्तम दास, हालिशहर नगरपालिका के शुभंकर घोष, टीटागढ़ नगरपालिका के चेयलमैन कमलेश साव, तृणांकुर भट्टाचार्य, सोनाली सिंघाराय सहित भारी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
सांसद पार्थ भौमिक ने बताया कि बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी 7 विधानसभा क्षेत्रों (जिसमें आमडांगा पर विशेष नजर रहेगी) में यह कैंप लगाए जाएंगे। 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान की मुख्य विशेषताएं निम्नलिखित हैं:
मुफ्त जांच और दवा: कैंप में आने वाले मरीजों की हर तरह की चिकित्सकीय जांच की जाएगी और उन्हें मुफ्त दवाएं दी जाएंगी।
सर्जरी की सुविधा: यदि डॉक्टर किसी मरीज को ऑपरेशन (सर्जरी) की सलाह देते हैं, तो उनके लिए नैहाटी में एक विशेष कैंप लगाया जाएगा।
एंड-टू-एंड सेवा: सांसद ने सुनिश्चित किया कि ऑपरेशन वाले मरीजों को घर से अस्पताल ले जाने, सर्जरी करवाने और स्वस्थ होने के बाद वापस घर छोड़ने की पूरी जिम्मेदारी 'सेवाश्रय' टीम की होगी।
कैंप के पहले दिन ही लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, उद्घाटन के दिन ही 550 लोगों ने पंजीकरण कराया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मंत्री रथीन घोष और चंद्रिमा भट्टाचार्य ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य लोगों को उनके घर के पास ही विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें बड़े अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। यह सेवा अभियान बैरकपुर के विभिन्न हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा, जिससे हजारों गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।