

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के देबरा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल के लोग परेशान हैं, लेकिन ममता बनर्जी की दिलचस्पी अपने भतीजे को अगला मुख्यमंत्री बनाने में ज्यादा है।
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो राज्य में हर अवैध प्रवासी की पहचान कर उसे बाहर निकाल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, चाहे इसके लिए कितना भी बड़ा कदम क्यों न उठाना पड़े।
रैली के दौरान शाह ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि राज्य सरकार वंचितों के लिए स्कूल बनाने की बजाय मदरसों पर ज्यादा ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आई थीं, लेकिन आज युवा बेरोजगार हैं, महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं और किसान परेशान हैं।
अमित शाह ने तृणमूल कांग्रेस पर ‘कट-मनी’ संस्कृति के जरिए भ्रष्टाचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस राजनीति ने पश्चिम बंगाल को नुकसान पहुंचाया है और भाजपा बंगाल को विकास की राह पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है।