केंद्रीय भंडारण निगम के लिए भूमि आवंटन की मांग, सांसद ने प्रशासन से किया आग्रह

केंद्रीय भंडारण निगम के लिए भूमि आवंटन की मांग, सांसद ने प्रशासन से किया आग्रह
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह से सांसद बिष्णु पद रे ने द्वीपों के तीनों जिलों में केंद्रीय भंडारण निगम (सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन) की वेयरहाउसिंग एवं उससे जुड़ी आधारभूत सुविधाओं की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि के शीघ्र आवंटन की मांग की है। उन्होंने अंडमान-निकोबार प्रशासन से आग्रह किया है कि इस विषय को अत्यंत गंभीरता और प्राथमिकता के साथ लिया जाए। इस संबंध में सांसद बिष्णु पद रे ने अंडमान-निकोबार प्रशासन के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर अवगत कराया कि भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय भंडारण निगम वर्ष 2023 से लगातार इस मुद्दे को उठा रहा है, किंतु अब तक भूमि की अनुपलब्धता के कारण कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। सांसद ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान में अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में खाद्यान्न, दालों, कोल्ड स्टोरेज, कोपरा प्रसंस्करण इकाइयों, कंटेनर यार्ड तथा वैज्ञानिक भंडारण से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं का गंभीर अभाव है। द्वीपों की भौगोलिक स्थिति और परिवहन संबंधी चुनौतियों को देखते हुए इस प्रकार की आधारभूत संरचना का न होना खाद्य सुरक्षा, निर्बाध आपूर्ति व्यवस्था तथा मूल्य स्थिरता के लिए एक बड़ा खतरा बनता जा रहा है।

यह मुद्दा 8 और 9 जनवरी 2026 को स्वराज द्वीप, दक्षिण अंडमान में आयोजित उपभोक्ता मामले, खाद्यान्न एवं सार्वजनिक वितरण से संबंधित संसदीय समिति की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया गया था। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि भूमि उपलब्ध न होने के कारण केंद्रीय भंडारण निगम द्वीपों में आवश्यक बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग नहीं कर पा रहा है। सांसद बिष्णु पद रे ने यह भी रेखांकित किया कि भूमि आवंटन में हो रही देरी के चलते केंद्रीय भंडारण निगम ने वेयरहाउसिंग सुविधाओं की स्थापना में असमर्थता व्यक्त की है, जिससे क्षेत्र में भंडारण और लॉजिस्टिक ढांचे को सुदृढ़ करने में बड़ी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस मामले को अत्यंत आपात मानते हुए केंद्रीय भंडारण निगम द्वारा सुझाए गए स्थानों पर शीघ्र भूमि की पहचान कर आवंटन किया जाए। प्रस्तावित स्थानों में दक्षिण अंडमान के कामराज नगर, उत्तर एवं मध्य अंडमान के मायाबंदर तथा निकोबार जिले के कार निकोबार शामिल हैं। सांसद ने कहा कि भूमि का समय पर आवंटन होने से केंद्रीय भंडारण निगम तत्काल आवश्यक वेयरहाउसिंग एवं सहायक सुविधाओं की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर सकेगा, जिससे किसानों, व्यापारियों, उपभोक्ताओं के साथ-साथ पूरे द्वीपसमूह की अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलेगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in