

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, श्री विजयपुरम में 14 फरवरी को दो दिवसीय पीएम विश्वकर्मा प्रदर्शनी-सह-व्यापार मेला का शुभारंभ हुआ। इस मेले का आयोजन शाखा एमएसएमई-विकास एवं सुविधा कार्यालय (सूक्ष्म, लघु एवं मझौले उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत), डॉलीगंज औद्योगिक क्षेत्र द्वारा किया गया। मेले में पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों एवं एमएसएमई द्वारा 70 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें उनके पारंपरिक उत्पादों, शिल्पकला एवं तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया गया है। मुख्य अतिथि के रूप में प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए बिष्णु पद रे, माननीय सांसद, अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह ने माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन पर प्रकाश डाला, जिसके अंतर्गत देशभर में 5 करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह को भी कम से कम 1,000 लखपति दीदी तैयार करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर सम्मानित की गई दो लखपति दीदियों की उपलब्धियों की सराहना भी की। माननीय सांसद ने प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया, कारीगरों से बातचीत की तथा उनके उत्पादों एवं उद्यमशीलता की प्रशंसा की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सीतनाथ मुखोपाध्याय, आईईडीएस, उप निदेशक, एमएसएमई-डीएफओ, कोलकाता ने की।
अपने स्वागत भाषण में श्री जी. के. सिन्हा, आईईडीएस, सहायक निदेशक (प्रभारी), शाखा एमएसएमई-डीएफओ ने आम जनता से अनुरोध किया कि वे कल 15 फरवरी को प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी अवश्य आएं और स्थानीय कारीगरों एवं एमएसएमई को समर्थन प्रदान करें। उद्घाटन सत्र का समापन श्री तनुज, शाखा एमएसएमई-डीएफओ, श्री विजय पुरम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। बाद में शाम को ‘काला पानी’ बैंड द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, नृत्य एवं गायन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्राथमिक, माध्यमिक एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।