सांसद ने कैंपबेल बे में एलपीजी सिलिंडरों की तत्काल आपूर्ति की मांग की

जन आंदोलनों और विरोध प्रदर्शन के बावजूद समस्या अनसुलझी
सांसद ने कैंपबेल बे में एलपीजी सिलिंडरों की तत्काल आपूर्ति की मांग की
Published on

दिसंबर 2025 के बाद नयी आपूर्ति नहीं, दैनिक जीवन प्रभावित

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के सांसद बिष्णु पद रे ने कैंपबेल बे के निवासियों को लंबे समय से झेलनी पड़ रही एलपीजी गैस सिलिंडरों की गंभीर किल्लत पर गहरी चिंता व्यक्त की है। बार-बार निवेदन, विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलनों के बावजूद यह समस्या लंबे समय से अनसुलझी बनी हुई है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कैंपबेल बे में एलपीजी सिलिंडरों का अंतिम आंशिक वितरण दिसंबर 2025 में किया गया था, जबकि जनवरी 2026 में सीमित संख्या में कुछ लाभार्थियों को सिलिंडर प्राप्त हुए। इसके बाद द्वीप पर कोई भी नई आपूर्ति नहीं की गई। चूंकि कैंपबेल बे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए पूरी तरह कार्गो जहाजों पर निर्भर है, इसलिए एलपीजी की अनुपलब्धता ने दैनिक जीवन एवं घरेलू जरूरतों को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। सूचना मिली है कि श्री विजयपुरम से कैंपबेल बे के लिए एक कार्गो जहाज रवाना होने वाला है, लेकिन उसमें एलपीजी सिलिंडर लोड करने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। पूर्व में ऐसी ही परिस्थितियों ने सार्वजनिक असंतोष, विरोध प्रदर्शन एवं धरनों को जन्म दिया है, जो समस्या की गंभीरता और निवासियों की बढ़ती निराशा को दर्शाता है।

सांसद बिष्णु पद रे ने मुख्य सचिव, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निर्धारित कार्गो जहाज के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में एलपीजी सिलिंडर बिना किसी और देरी के कैंपबेल बे भेजने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसी कमी की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का भी आग्रह किया है। सांसद ने इस विषय को भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री के संज्ञान में भी लाते हुए त्वरित हस्तक्षेप एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in