राज्य में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

अगले 4 दिनों में 4–6 डिग्री तक चढ़ेगा पारा
राज्य में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
Published on

वीकेंड पर फिर बारिश का अलर्ट

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नये हफ्ते की शुरुआत साफ आसमान और तेज धूप के साथ हुई है। सोमवार की सुबह से ही मौसम सुहावना रहा। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस बदलाव से भ्रमित न हों। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक फिर से बारिश और आंधी-तूफान का दौर लौट सकता है। पिछले सप्ताह राज्यभर में हुई बारिश का मुख्य कारण पश्चिमी विक्षोभ था। यह प्रभाव अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और एक नया विक्षोभ बन रहा है। इसके चलते शुक्रवार और शनिवार को पूरे बंगाल में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

बारिश के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी संभव

मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि बारिश के बीच भी तापमान में वृद्धि होगी। अगले 4 दिनों में तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। हालांकि, भीषण गर्मी पड़ने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है। सोमवार को कोलकाता में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 22°C रहा। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हावड़ा, हुगली और उत्तर 24 परगना में भी मौसम शुष्क रहेगा, जबकि दक्षिण 24 परगना, मेदिनीपुर और झाड़ग्राम में हल्की बारिश संभव है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in