पूर्वोत्तर राज्यों में समय से पहले पहुंचा मानसून तबाही मचाने लगा, दो दिन में 32 की मौत

उत्तर भारत में कई राज्यों में हो रही बारिश से गर्मी के कहर से राहत, पूर्वोत्तर राज्यों में बा़ढ़ से हजारों प्रभावित
पूर्वोत्तर राज्यों में समय से पहले पहुंचा मानसून तबाही मचाने लगा, दो दिन में 32 की मौत
Published on

नई दिल्ली : उत्तर भारत में मौसम का मिजाज बदल रहा है। अब कई राज्यों में बारिश हो रही है, जिसकी वजह से गर्मी के कहर से राहत मिली है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार से पांच दिन तक बारिश, आंधी तूफान का अलर्ट है। इसमें दो और तीन जून को तेज बारिश होगी। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों में समय से पहले पहुंचा मानसून तबाही मचाने लगा है। दो दिन में 32 लोगों की मौत हो गयी। असम में 16, अरुणाचल में 9, मिजोरम में 4 और मेघालय में 3 लोगों की जान गयी। मणिपुर में पिछले 48 घंटे में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं और 883 घरों को नुकसान पहुंचा, यहां शहरों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है, सड़कों पर लाइफ बोट उतारनी पड़ी हैं। हिमाचल प्रदेश में दो दिन के लिए आंधी-बारिश और तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। श्रीनगर-लेह हाईवे पर रविवार को हिमस्खलन (एवलॉन्च) आया। पहाड़ों का मलबा सड़क पर जमा हो जाने की वजह से यह रास्ता बंद हो गया है। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शनिवार दोपहर मौसम बदला। यहां 76 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चली। इसके कारण धूल की चादर पूरे दिल्ली-एनसीआर पर छा गयी। इसके बाद कुछ देर बाद ही तेज आंधी शुरू हो गयी।

पश्चिम भारत में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश, आंधी तूफान का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर पश्चिम भारत में अगले चार से पांच दिनों तक बारिश, आंधी तूफान का अलर्ट है। इसमें दो और तीन जून को तेज बारिश होगी। वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में तीन जून तक भारी से बहुत भारी बारिश होने वाली है। दो जून को सब हिमालयी पश्चिम बंगाल में बहुत भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी व मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा में एक से चार जून को मध्यम स्तर की बारिश होगी। वहीं, आंधी तूफान व बिजली कड़कने की भी आशंका है। उत्तर पश्चिम भारत के मौसम की बात करें तो जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में एक से पांच जून के बीच बारिश, आंधी, बिजली की चेतावनी जारी की गयी है।

पूर्वोत्तर कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर

पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश के कारण कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। असम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे बाढ़ की आशंका गहरा गयी है। खासकर ब्रह्मपुत्र, बराक, तीस्ता और बुरीडिहिंग जैसी प्रमुख नदियों ने खतरे का नया स्तर छू लिया है। असम में रविवार को भी भारी बारिश जारी रही जिससे सड़क परिवहन और रेल सेवाएं बाधित रहीं। राज्य में अब तक बाढ़ और भूस्खलन के कारण आठ लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि राज्य के 15 से अधिक जिलों में 78,000 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि भारी बारिश के साथ-साथ पड़ोसी राज्य मेघालय से आने वाला पानी स्थिति को और गंभीर बना रहा है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन के अनुसार शनिवार शाम तक भूस्खलन से पांच और बाढ़ से तीन लोगों की जान जा चुकी थी। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में हाईवे 13 पर भूस्खलन की चपेट में आई कार गहरी खाई में गिर गयी। हादसे में दो परिवारों के 7 लोग मारे गए। एक अन्य घटना में 2 लोगों की जान गयी। मिजोरम के सेरछिप में 13 घर ढह गए। एक व्यक्ति की मौत हो गयी। वहीं उत्तरी सिक्किम में करीब 1500 पर्यटक फंसे हैं। मणिपुर में भारी बारिश के कारण पिछले 48 घंटों में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से 3,802 लोग प्रभावित हुए हैं और 883 घर क्षतिग्रस्त हो गये हैं। त्रिपुरा में लगातार हो रही बारिश के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव होने से एक व्यक्ति की सीवर में गिरने से मौत हो गयी। पिछले 48 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण लगभग 1,300 परिवारों ने पश्चिम त्रिपुरा जिले के शिविरों में शरण ली है।

शाह ने पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली

इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पूर्वोत्तर में बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने रविवार को असम, अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम के मुख्यमंत्रियों और मणिपुर के राज्यपाल से उनके राज्यों में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर बात की और उन्हें स्थिति से निपटने के लिए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। गृहमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार पूर्वोत्तर के लोगों के समर्थन में चट्टान की तरह खड़ी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in