

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) देश के गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाता है। योजना का लाभ लेने के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाना अनिवार्य है। हालांकि, आवेदन प्रक्रिया के दौरान की गई छोटी-सी गलती भी आपके आवेदन को रिजेक्ट करवा सकती है। ऐसे में आवेदन करने से पहले सभी जानकारी बेहद जरूरी है।
आवेदन से पहले करें पूरी जांच
विशेषज्ञों का कहना है कि आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन करते समय जल्दबाजी करने के बजाय सभी विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करनी चाहिए। सही जानकारी दर्ज करने से आवेदन स्वीकृत होने की संभावना बढ़ जाती है और लाभार्थी बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ उठा सकते हैं।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
• NHA पोर्टल पर दर्ज नाम, पता और अन्य जानकारी आधार कार्ड से पूरी तरह मेल खानी चाहिए।
• आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में पिता के नाम की स्पेलिंग एक जैसी होनी चाहिए। नाम में अंतर आवेदन खारिज होने का कारण बन सकता है।
• आवेदन फॉर्म में दर्ज जेंडर सही होना चाहिए। गलत जेंडर की जानकारी मिलने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता है।
• जन्मतिथि आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि के अनुसार ही भरें। दोनों में अंतर होने पर समस्या आ सकती है।
• NHA पोर्टल और आधार कार्ड पर दर्ज पता एक समान होना चाहिए। गलत या अलग पता आवेदन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।
• आवेदन जमा करने से पहले सभी दस्तावेजों और जानकारी का एक बार फिर मिलान जरूर करें।