

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
कमरहट्टी : कमरहट्टी नगरपालिका के 30 नंबर वार्ड के नंदननगर सुभाषपल्ली (उत्तर) इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया है। यहाँ स्थित 'बेलघरिया सार्वजनिक श्री श्री दुर्गाचक सोसाइटी मंदिर' में पूजा को लेकर चल रहे विवाद के कारण मंदिर के गेट पर ताले के ऊपर ताला लटका दिया गया है, जिसको लेकर विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि स्थानीय महिलाएं समाधान के लिए 30 नंबर वार्ड के पार्षद तपन आचार्य के पास पहुंचीं। महिलाओं का आरोप है कि पार्षद ने मामले को सुलझाने के बजाय गैर-जिम्मेदाराना जवाब दिया। महिलाओं के अनुसार, पार्षद ने कहा, "अगर वे ताला नहीं खोलने दे रहे, तो बाहर पूजा करो। जो भी खर्च होगा, वह मैं दूंगा।" पार्षद के इस बयान से स्थानीय महिलाएं भड़क गईं और उन्होंने पार्षद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि पार्षद समाधान करने में पूरी तरह विफल रहे हैं।
स्थानीय महिलाओं ने पूजा कमेटी के सचिव पर विवाद पैदा करने का सीधा आरोप लगाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मंदिर के पास पेड़ काटने और नए पौधे लगाने को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा है, जिस पर पुलिस केस तक हो चुका है। अब यही विवाद सरस्वती पूजा के आयोजन में बाधा बन गया है।
तनाव की सूचना मिलते ही बेलघरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए मामले को सुलझाने के लिए थाने बुलाया है। इलाके के लोगों की स्पष्ट मांग है कि यदि वे मंदिर के भीतर पूजा नहीं कर सकते, तो किसी और को भी वहां पूजा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि वे केवल एक स्वस्थ समाधान चाहते हैं ताकि सभी मिल-जुलकर आनंद के साथ पूजा कर सकें।
वर्तमान में, मंदिर के बाहर पुलिस बल तैनात है और इलाके में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि पूजा के दिन कोई अप्रिय घटना न घटे।