एमवी मोहित में तकनीकी खराबी से ‘द्वीप दर्शन’ समुद्री सेवा अस्थायी रूप से स्थगित

तकनीकी खराबी के कारण 21 दिसंबर से दैनिक समुद्री सेवा रोकी गयी
एमवी मोहित में तकनीकी खराबी से ‘द्वीप दर्शन’ समुद्री सेवा अस्थायी रूप से स्थगित
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : जहाजरानी सेवा निदेशालय द्वारा पर्यटकों एवं आम जनता को सूचित किया गया है कि जलयान एमवी मोहित में अचानक आयी तकनीकी खराबी के कारण फीनिक्स बे जेटी से प्रातः 9 बजकर 30 मिनट पर संचालित होने वाली ‘द्वीप दर्शन’ की दैनिक समुद्री सेवा 21 दिसंबर से अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही जलयान पुनः परिचालन योग्य होगा, यह सेवा फिर से बहाल कर दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि बैरन द्वीप ज्वालामुखी समुद्री यात्रा को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया के बाद अंडमान तथा निकोबार प्रशासन के मार्गदर्शन में जहाजरानी सेवा निदेशालय द्वारा ‘द्वीप दर्शन’ नामक एक विशेष विरासत बंदरगाह समुद्री यात्रा की शुरुआत की गई थी। इस अनूठी यात्रा का उद्देश्य यात्रियों को श्री विजयपुरम के बंदरगाह और आसपास के द्वीपों के मनोरम दृश्य दिखाने के साथ-साथ द्वीपों के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराना था। यह विरासत बंदरगाह समुद्री यात्रा 17 नवंबर 2025 से प्रारंभ हुई थी।

इस चार घंटे की समुद्री यात्रा के दौरान यात्रियों को फीनिक्स बे जेटी से चैथम द्वीप, वाइपर द्वीप, नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप होते हुए पुनः फीनिक्स बे जेटी तक ले जाया जाता था। वाइपर द्वीप पर 30 मिनट तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप पर एक घंटे का ठहराव निर्धारित था। इस यात्रा के माध्यम से यात्रियों को चैथम द्वीप स्थित एशिया की प्राचीनतम आरा मिल, द्वितीय विश्व युद्ध के बमबारी चिह्न, वाइपर द्वीप का ऐतिहासिक कारागार स्थल तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप पर स्थित औपनिवेशिक कालीन अवशेषों के दर्शन का अवसर मिल रहा था। इस पहल का उद्देश्य विरासत, शिक्षा और पर्यटन को एक साथ जोड़ते हुए द्वीपों के गौरवशाली इतिहास और प्राकृतिक सौंदर्य से लोगों को जोड़ना था।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in