हैडो घाट पहुंचा अंतर्राष्ट्रीय क्रूज शिप ‘ल्यूमिनारा’

पर्यटन सीजन के बीच क्रूज पर्यटन को मिली नई रफ्तार
हैडो घाट पहुंचा अंतर्राष्ट्रीय क्रूज शिप ‘ल्यूमिनारा’
Published on

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम :
पर्यटन के चरम मौसम के दौरान अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के पर्यटन परिदृश्य को नई ऊर्जा प्रदान करते हुए अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ शिप ‘ल्यूमिनारा’ 18 दिसंबर को श्रीलंका से यात्रा कर श्री विजयपुरम के हैडो घाट पर पहुँचा। क्रूज़ जहाज के आगमन से तटीय नगर में उत्साह और चहल-पहल का माहौल देखने को मिला, वहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ पर्यटन की बढ़ती संभावनाएँ एक बार फिर उजागर हुईं।

पारंपरिक स्वागत से हुआ अभिनंदन
हैडो घाट पर क्रूज़ शिप के पहुँचते ही पर्यटन विभाग, बंदरगाह प्रशासन तथा स्थानीय ट्रैवल एजेंटों द्वारा विदेशी पर्यटकों का पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान द्वीपों की सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत की गई, जिससे पर्यटक काफी प्रभावित नजर आए।

पर्यटन स्थलों का किया भ्रमण
जहाज से उतरने के बाद पर्यटक निर्धारित भ्रमण कार्यक्रम के तहत श्री विजयपुरम के प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर रवाना हुए। इस दौरान राष्ट्रीय स्मारक सेल्युलर जेल पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। यहां पर्यटकों को भारत के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों, वीर सावरकर सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और द्वीपों के ऐतिहासिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा पर्यटकों ने शहर के अन्य दर्शनीय स्थलों का भी भ्रमण किया।

एक दिवसीय ठहराव
पर्यटन विभाग के अनुसार, क्रूज़ शिप ‘ल्यूमिनारा’ का पिछला पड़ाव श्रीलंका था। हैडो घाट पर एक दिवसीय ठहराव के दौरान यात्रियों के लिए स्थानीय भ्रमण, खरीदारी और सांस्कृतिक अनुभव का विशेष प्रबंध किया गया। निर्धारित कार्यक्रम पूरा करने के बाद क्रूज़ शिप शाम को अपने अगले गंतव्य फुकेट के लिए रवाना हो गया।

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
क्रूज़ शिप के आगमन से स्थानीय पर्यटन उद्योग, ट्रैवल एजेंसियों, टैक्सी चालकों, गाइडों और हस्तशिल्प विक्रेताओं में उत्साह देखा गया। अधिकारियों का मानना है कि ऐसे अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ जहाजों के नियमित आगमन से न केवल द्वीपसमूह की वैश्विक पहचान मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

क्रूज़ कनेक्टिविटी होगी मजबूत
पर्यटन विभाग ने उम्मीद जताई है कि ‘ल्यूमिनारा’ जैसे अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ जहाजों की आवाजाही से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का अंतर्राष्ट्रीय क्रूज़ नेटवर्क और सुदृढ़ होगा। इससे आने वाले समय में विदेशी पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है और द्वीप पर्यटन को नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in