

मुंबई : पहलगाम आतंकी हमले में घायल हुए नवी मुंबई निवासी सुबोध पाटिल के घर लौट आने पर उनके पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने उनका शानदार स्वागत किया। पहलगाम आतंकी हमले में घायल होने के बाद पाटिल का कश्मीर में इलाज किया गया था। यहां एक अधिकारी ने बताया कि पाटिल (60) गुरुवार रात अपनी पत्नी के साथ कामोठे इलाके में ‘रॉयल हाइट्स अपार्टमेंट’ स्थित अपने घर पहुंचे।
दंपति का उनके पड़ोसियों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाटिल और उनकी पत्नी उन 39 पर्यटकों के समूह का हिस्सा थे, जो ‘निसर्ग पर्यटन टूर्स’ द्वारा आयोजित पहलगाम यात्रा पर आए थे। पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकियों द्वारा की गयी गोलीबारी में उनकी गर्दन में गोली लग गयी थी। उस समय पाटिल चाय की एक दुकान पर थे। उन्हें पहलगाम स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया और ठीक होने के बाद उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गयी। इस आतंकी हमले में महाराष्ट्र के 6 पर्यटकों सहित 26 लोग मारे गए थे।