

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिरीटी शुक्तारा संघ क्लब की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन किया गया है। इस बार पूजा पंडाल की थीम को विशेष रूप से नेपाल के एक प्रसिद्ध मंदिर के आधार पर तैयार किया गया है। पंडाल की स्थापत्य कला और सजावट ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया है। दूर-दराज से लोग इस थीम पंडाल को देखने के लिए पहुंच रहे हैं।
क्लब के सेक्रेटरी बैद्यनाथ अधिकारी ने जानकारी दी कि इस पंडाल को तैयार करने में लगभग 5.30 लाख रुपये की लागत आई है। कुशल कारीगरों और कलाकारों ने मिलकर कई दिनों की मेहनत से इस पंडाल को आकार दिया है। पंडाल के अंदर की सजावट में पारंपरिक नेपाली वास्तुकला की झलक स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। रंग-बिरंगी लाइटिंग और सजावट ने पंडाल को और भी भव्य बना दिया है। इस बार पूजा की खास बात यह है कि मां दुर्गा की प्रतिमा 14 फीट ऊंची बनाई गई है, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आस्था से जोड़ती है। प्रतिमा की भव्यता और श्रृंगार भक्तों का मन मोह रही है। पूजा के दौरान विधिवत अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
क्लब की सामाजिक पहल के तहत पूजा के अवसर पर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को साड़ियों का वितरण किया गया। यह पहल स्थानीय लोगों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है। क्लब ने बताया कि दशमी के दिन खिचड़ी भोग का वितरण किया जाएगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं को भोजन कराया जाएगा। क्लब सदस्यों ने बताया कि पूजा को शांतिपूर्ण और भव्य बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी, और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। क्लब का उद्देश्य केवल पूजा करना ही नहीं, बल्कि समाज सेवा को भी प्राथमिकता देना है। स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में इस पूजा पंडाल को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।